अगली बार आउंगी, तो जरूर अटल टनल की सैर करके जाउंगी, प्रियंका गांधी वाड्रा

Spread the love

मनाली दौरे के दौरान लाहुल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर से कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव ने कही दिल की बात, लाहुल स्पीति घूमने की भी जताई इच्छा

मनाली के सासे हेलीपैड पर एमएलए रवि ठाकुर ने खतक पहना किया स्वागत, करीब दस मिनट तक लाहुल स्पीति पर विधायक के साथ की चर्चा

लाहुल स्पीति आने का निमंत्रण किया स्वीकार, प्रियंका जल्द करेंगी दौरा

केलांग
आज फ्लाइट की वजह से देरी हो गई, लेकिन मैं आपसे वादा करती हूं कि अगली बार आउंगी तो अटल टनल रोहतांग की सैर जरूर करूंगी। ये बात कांग्रेस की राष्ट्रीय महामंत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने मनाली के सासे हेलीपैड पर लाहुल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर से कही। दोनों के बीच करीब सात से दस मिनट तक संवाद हुआ इस बीच लाहुल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने प्रियंका गांधी को लाहुल स्पीति में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की सारी जानकारी दी। विधायक मोहदय ने मौके की नजाकत को भांपते हुए प्रियंका गांधी को लाहुल स्पीति के लिए आमंत्रित भी किया, जिससे प्रियंका गांधी ने स्वीकार करते हुए कहा कि वे जल्द ही लाहुल स्पीति का दौरा करेंगी।

उन्होंने कहा कि उनकी दिली इच्छा है लाहुल स्पीति को करीब से देखने की और अटल टनल रोहतांग की सैर करने की। यहां बता दें कि विधायक रवि ठाकुर विशेष तौर पर प्रियंका गांधी को लाहुल ले जाने के लिए मनाली पहुंचे हुए थे। विधायक रवि ठाकुर का कहना है कि प्रियंका जी और मुख्यमंत्री सुखविंदर ठाकुर से उन्होंने मनाली पहुंचने से पहले ही बात की थी और यह आग्रह किया था कि प्रियंका जी को मनाली दौरे के साथ साथ लाहुल का भी दौरा करवाया जाए। ऐसे में ये तय हुआ था कि सासे हेलीपैड पर उतरने के बाद थोड़ी देर के लिए ही सही प्रियंका अटल टनल रोहतांग होते हुए सिस्सू तक जाएंगी और वहां लोगों से मिलने के बाद चौपर में बैठ मंडी रवाना होंगी। लिहाजा सारी तैयारियां करने के बाद विधायक रवि ठाकुर लाहुल से मनाली प्रियंका गांधी को लेने के लिए पहुंचे, लेकिन फ्लाइट में देरी होने के कारण प्रियंका गांधी का लाहुल का कार्यक्रम रदद करना पड़ा। ऐसे में प्रियंका गांधी ने विधायक रवि ठाकुर को कहा है कि अगली बार आउंगी, तो अटल टनल की सैर जरूर करुंगी। बहरहाल प्रियंका गांधी ने मंगलवार को मनाली में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा भी लिया और कुछ महिलाओं से मुलाकात भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!