तुफान मेल न्यूज, केलांग, 30 अप्रैल: जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के उपायुक्त राहुल कुमार को बुधवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में भावपूर्ण विदाई दी गई। इस अवसर पर कार्यालय के समस्त स्टाफ और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता की। विदित हो कि राहुल कुमार का स्थानांतरण जिला बिलासपुर के लिए हुआ है।राहुल कुमार ने उपायुक्त के रूप में लाहौल-स्पीति में दो वर्ष से अधिक सेवा दी।

इस दौरान उन्होंने न केवल प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्टता दिखाई, बल्कि स्थानीय जनता व कर्मचारियों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध भी बनाए। उनके नेतृत्व में जिले ने अनेक उपलब्धियां प्राप्त कीं। इनमें लोकसभा और विधानसभा उपचुनावों का सफल आयोजन तथा उच्च मतदान प्रतिशत दर्ज करना विशेष उल्लेखनीय रहा। इस उपलब्धि के लिए उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर “बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवॉर्ड 2024” से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया।

2023 में जब उन्होंने कार्यभार संभाला था, तब जिला सुशासन सूचकांक में पिछड़े स्थान पर था। परंतु उनके मार्गदर्शन में जिले ने प्रगति करते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

अपने संबोधन में उपायुक्त राहुल कुमार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धियां टीमवर्क का परिणाम हैं।इस अवसर पर सहायक आयुक्त संकल्प गौतम, एसडीएम आकांक्षा शर्मा, डीएफओ अनिकेत वानवे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोशन लाल, तहसीलदार रमेश राणा, जिला पंचायत अधिकारी सचिन कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय डोगरा सहित सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

