तूफान मेल न्यूज,शिमला।
हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग जारी है। मंडी सीट देशभर में हॉट सीट बनी हुई है। विक्रमादित्य सिंह और कंगना रनौत पहली बार लोकसभा के चुनावी रण में उतरे हैं। दोनों ही प्रत्याशी एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। विक्रमादित्य सिंह और कंगना रनौत ने अपना वोट डाल दिया है और लोगों से भी ज्यादा से ज्यादा मतदान की अपील की है।
मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने रामपुर में मतदान किया। मंडी सीट पर विक्रमादित्य सिंह और भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत के बीच कड़ा मुकाबला है।विक्रमादित्य सिंह ने लोगों से प्रदेश की तरक्की के लिए आगे आकर मतदान करने की अपील की।
हिमाचल में 11 बजे तक 31.92% मतदान..
हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव में 11 बजे तक 31.92% वोटिंग हुई है। सबसे ज्यादा मंडी लोकसभा क्षेत्र में 33.02 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, कांगड़ा में 31.29 फीसदी, शिमला में 32.22 फीसदी, हमीरपुर में 31.25 फीसदी मतदान हुआ है।
हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। मंडी में पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने परिवार संग वोट डाला। वहीं, शिमला में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने भी परिवार संग वोट डाला। दोनों नेताओं ने जनता से लोकतंत्र के पर्व में हिस्सा लेने और ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की अपील की है।
हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के चारों प्रत्याशियों ने वोट डाल दिया है। मंडी में कंगना रनौत ने, हमीरपुर में अनुराग ठाकुर ने, सिरमौर में सुरेश कश्यप ने और जसूर में राजीव भारद्वाज ने मतदान किया।
गौरतलब हो कि मंडी संसदीय सीट पर कंगना रनौत का मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह है। हमीरपुर लोकसभा सीट पर अनुराग ठाकुर के सामने मुकाबले के लिए कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल सिंह रायजादा हैं। शिमला संसदीय सीट पर सुरेश कश्यप का मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी के साथ है। वहीं, कांगड़ा लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी राजीव भारद्वाज और कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा आमने-सामने हैं।