तुफान मेल न्यूज, आनी।
देश की सबसे कठिनतम यात्रा श्रीखंड महादेव में एक सेवादार की मौत हो गई है। उक्त सेवादार श्रीखंड महादेव यात्रा के दौरान लंगर की सामग्री सेवा के लिए ले जा रहा था। वहीं सेवादार की पहाड़ी से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान रामपुर के रहने वाले सिद्धार्थ शर्मा (31) के रूप में हुई है। सिद्धार्थ को शुक्रवार शाम को ही रामपुर के खनेरी अस्पताल से आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।
सिद्धार्थ शर्मा अपने पीछे 5 साल की बेटी, गर्भवती पत्नी, माता-पिता और बहन को छोड़ गए हैं। परिजनों का घर पर बेहाल हैं और पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है।
परिवार के मुताबिक सिद्धार्थ शर्मा श्रीखंड यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए लंगर सेवा के लिए घर से निकला था। सामान ले जाते वक्त गुरुवार दोपहर चढ़ाई चढ़ते वक्त बराहटी नाला के समीप पैर फिसलने के बाद करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद सिद्धार्थ को सिंहगाड बेस कैंप तक पहुंचाया गया। यहां से गुरुवार रात करीब ढाई बजे उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया जहां से आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया तबतक उसकी मौत हो चुकी थी।
