तुफान मेल न्यूज, सैंज।
देखें वीडियो,,,,
शांघड़ में देवता शंगचूल महादेव के सम्मान में शाहनू मेला मनाया जा रहा है। सोमवार को देवता शंगचूल और देवता मनु ऋषि का भव्य देव मिलन हुआ जिसके सैंकड़ों लोग गवाह बने और देवताओं से आशीर्वाद भी लिया।
इसके उपरांत दोनों देवताओं के साथ सैकड़ों हारियानों ने मेला मैदान शांघड़ में भव्य नाटी डालकर खूब मनोरंजन किया।

इससे पहले देवता मनु ऋषि मेला मैदान के साथ अपने देव स्थल पर पहुंचे, जहां समस्त शैंशर कोठी से आए हारियानों ने देवता के समक्ष शीश नवाया। खास बात यह है कि देवता मनु ऋषि अपने जिस देव स्थल पर जाते हैं वहां नशीले पदार्थों बीड़ी-सिगरेट और शराब को ले जाने तथा पीकर जाने पर सख्त पाबंदी रहती है।
यह पाबंदी देव आदेश का ही एक हिस्सा है। इसका हर साल पालन किया जाता है। देवता मनु ऋषि के कारदार प्रेम सिंह ठाकुर ने कहा कि सोमवार को देवता मनु ऋषि ने अपने देव स्थल पर श्रद्धालुओं को दर्शन दिए।

इस परंपरा को निभाने के लिए शैंशर कोठी के हारियान सैकड़ों की संख्या में शांघड़ पहुंचे। उन्होंने कहा कि देवता शंगचूल महादेव और मनु ऋषि के साथ हारियानों ने वाद्ययंत्रों की थाप पर नाटी डाली और इस नाटी का लुत्फ सभी श्रद्धालुओं ने उठाया।