आरटीआई के माध्यम से किया जाएगा इस खनन का खुलासा
तूफान मेल न्यूज,कुल्लू। जिला कुल्लू में बीते साल जब प्राकृतिक आपदा आई तो उसके बाद ब्यास नदी में मलबे के ढेर लग गए। ऐसे में कांग्रेस सरकार ने यहां पर अवैध रूप से खनन करना शुरू कर दिया और अपने कुछ लोगो को यह काम बांट दिया। ऐसे में भाजपा इस मुद्दे पर चुप नहीं रहेगी और इस मामले की आरटीआई भी ली जाएगी। ताकि इस पूरे घोटाले का खुलासा हो सके। ढालपुर में पत्रकारों को जानकारी देते हुए जिला कुल्लू भाजपा के अध्यक्ष अरविंद चंदेल ने बताया कि जगह-जगह से लोग भाजपा के पदाधिकारी को सूचना दे रहे हैं कि ब्यास नदी से अवैध रूप से खनन किया जा रहा है और इस खनन से आने वाले समय में लोगों की संपत्ति को भी नुकसान पहुंच सकता है।

जब भाजपा के पदाधिकारी ने भी मौके की स्थिति देखी तो पाया कि यहां पर कुछ लोगो को कांग्रेस पार्टी के द्वारा काम दिया गया है। जो अवैध तरीके से ब्यास नदी में खनन कर करोड़ों रुपए कमा रहे हैं। इस मामले को लेकर भी अब जन जागरण अभियान चलाया जाएगा और आम जनता को भी कांग्रेस सरकार की नाकामियों के बारे में जागरूक किया जाएगा। अरविंद चंदेल ने बताया कि लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस के नेता भाजपा की प्रत्याशी कंगना रनौत पर अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं जो बिल्कुल भी सही नहीं है। कंगना बॉलीवुड की अभिनेत्री है और वह राजनीतिक क्षेत्र में भी लोगों के दिलों को जीत रही है। इससे कांग्रेस पार्टी अब डर रही है और वह भाजपा के प्रत्याशी के खिलाफ गलत प्रचार करने में जुटी हुई है। लेकिन प्रदेश की जनता इस बात को जानती है और वह भाजपा को अपना समर्थन देने का मन बना चुकी है।