तुफान मेल न्यूज, सिरमौर
जिला सिरमौर के डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में एक महिला ने एक साथ तीन बच्चियों को जन्म दिया है। प्रसूता नैनीधार पंचायत के गांव कलोग की रहने वाली है। सबसे खास और बड़ी बात यह है कि महिला की नॉर्मल डिलीवरी हुई है।महिला के पति मदन सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी की डिलीवरी नॉर्मल हुई है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर ने जुड़वा बच्चों के बारे में पहले ही बताया था। साथ ही ये भी कहा था कि बड़े अस्पताल में डिलीवरी करवाएं। लिहाजा, वह एक माह पहले नाहन आ गए और यहीं अपने भाई के पास रहने लगे।उसकी पत्नी को बुधवार रात डिलीवरी पैन शुरू हुई। इसके बाद वह पत्नी को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां सुबह 7:00 बजे उनकी पत्नी ने 3 बेटियों को जन्म दिया। मदन ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी का काम करता है और पहले भी उसके पास तीन बेटियां ही हैं।बता दें जच्चा बच्चा स्वस्थ हैं। उसका परिवार काफी खुश है। उधर, मेडिकल कालेज नाहन की स्टाफ नर्स सुलक्षणा ने बताया कि डिलीवरी सुबह करीब सवा 7:00 बजे हुई। महिला ने 10 से 15 मिनट के अंतराल में एक-एक कर तीन बेटियों को जन्म दिया है।