युवा कांग्रेस ने शुरू किया अन्याय के विरुद्ध न्याय का युद्ध
मंडी संसदीय में किया जाएगा सरकार की योजनाओं का प्रचार
तुफान मेल न्यूज, कुल्लू
बॉलीवुड की अभिनेत्री कंगना रनौत को हमेशा सुर्खियों में रहने का शौक है और वह इसी वजह से आए दिन अनाप-शनाप बयानबाजी भी करती है। लेकिन कंगना रनौत को चाहिए कि वह फिल्मी दुनिया को अब छोड़ दे और धरातल पर रहकर विकास के मुद्दों पर बात करें। ढालपुर पहुंचे हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर ने कहा कि कंगना रनौत हिमाचल प्रदेश में अब नजर आ रही है। जब उन्हें लोकसभा का टिकट दिया गया है। इससे पहले प्रदेश में बुरी तरह से प्राकृतिक आपदा आई तो उस दौरान वह बिल्कुल गायब थी।

मंडी जिला, कुल्लू जिला में सबसे अधिक नुकसान हुआ। लेकिन वह यहां कहीं भी नजर नहीं आई। आज वह हर जगह जाकर कह रही है कि वह मंडी और कल्लू की बेटी है। लेकिन उन्हें यह बात तब याद क्यों नहीं आई। जब यहां पर प्राकृतिक आपदा से लोग बुरी तरह से त्रस्त थे। यदुपति ठाकुर ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय भी मंत्री विक्रमादित्य सिंह और सांसद प्रतिभा सिंह ने धरातल पर काम किया और लोगों को राहत प्रदान की। अब हिमाचल प्रदेश में युवा कांग्रेस केंद्र सरकार के अन्याय के विरुद्ध न्याय का युद्ध लड़ रही है और देश की जनता का साथ भी कांग्रेस पार्टी को मिल रहा है।