तुफान मेल न्यूज, रोहडू
रोहड़ू उपमण्डल के टिक्कर इलाके की ग्राम पंचायत शरोंथा के गांव ब्रेष्टू में वीरवार शाम चार मंजिला मकान जलकर राख हो गया। लकड़ी के बने इस मकान में 40 कमरे थे और सात परिवार रह रहे थे। अग्निकांड की इस घटना से कोई जनहानि नहीं हुई लेकिन कई सयुंक्त परिवार बेघर हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन की ओर से प्रभावितों को फौरी राहत प्रदान की गई है। प्रारंभिक जांच में आग की वजह शार्ट सर्किट सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक आग से राख हुए बहुमंजिला मकान में लगभग 35 से 40 कमरे थे।

इस मकान में सात संयुक्त परिवार रह रहे थे। शाम 5 बजे के करीब जब आग लगी, तब सभी सदस्य मकान के बाहर अपने रोजमर्रा के काम में व्यस्त थे। प्रभावितों में दयानन्द शर्मा, यशवंत शर्मा, सुरेश शर्मा, मनमोहन शर्मा, राम गोपाल शर्मा, पुष्पा देवी और अंजू का परिवार शामिल है। मकान के पूरी तरह से लकड़ी से बने होने के कारण आग तेज़ी से फैली और इसे नियंत्रित करना मुश्किल हो गया था। रोहड़ू के डीएसपी रविन्द्र नेगी ने कहा कि प्रशासन की ओर से प्रभावितों के रहने की व्यवस्था की गई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।