तूफान मेल न्यूज,कुल्लू।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हिमाचल संभाग के पूर्व संघ चालक और कल्लू के वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र खन्ना नहीं रहे। वे कुछ समय से पंचकूला स्थित ऐल्कैमिस्ट हॉस्पिटल में उपचाराधीन थे। उन्होंने आज प्रात: 9:00 बजे अंतिम सांस ली। उनके पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार कल प्रातः 11:00 बजे शमशी स्थित शवदाहगृह में किया जाएगा। सुरेंद्र खन्ना बचपन में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क में आए। वे एक कुशल वक्ता और कुशल अधिवक्ता के साथ-साथ एक कुशल संगठन भी थे। संघ परिवार उन्हें अपने अभिभावक के तौर पर देखता था। कुल्लू में रहते हुए उन्होंने संघ के अनेक दायित्वों को संभाला। आपातकाल के विरुद्ध संघर्ष में जब सरकारी दमनचक्र का दौर चला हुआ था तब उन्होंने अनेक सत्याग्रही जत्थे तैयार किये और स्वयं मीसा के अंतर्गत 19 महीने तक नाहन के केंद्रीय कारागार में रहे। जेल में उन्हें संघ छोड़ने के लिए अनेक बार दबाव डाला गया परंतु वे टस से मस नहीं हुए। अयोध्या आंदोलन के दौरान श्री खन्ना ने कार सेवा के लिए लोगों को प्रेरित किया।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक प्रवक्ता ने कहा कि श्री सुरेंद्र खन्ना एक दृढ़ निश्चयी कार्यकर्ता,कुशल संगठक,ध्येयवादी, प्रामाणिक और समर्पित स्वयंसेवक थे। श्री सुरेंद्र खन्ना के जाने से संघ परिवार ने अपना अभिभावक खो दिया। राष्ट्रीय स्वयं संघ, राष्ट्रीय सेविका समिति, विश्व हिंदू परिषद, भारतीय मजदूर संघ, भारतीय किसान संघ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, संस्कार भारती,सहकार भारती, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी जैसे संघ परिवार से जुड़े अनेक संगठनों ने श्री खन्ना के देहांत पर दुख व्यक्त किया है।संघ सूत्रों के अनुसार श्री खन्ना की आत्मिक शांति के लिए शोकसभा का भी आयोजन किया जाएगा।