तूफान मेल न्यूज, शिमला। मौसम विभाग केंद्र शिमला ने आज आठ जिलों में बहुत ज्यादा बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछेक स्थानों पर बादल फटने व बाढ़ जैसी घटनाएं पेश आ सकती है। चंबा, कांगड़ा, शिमला, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है।
ऊना, हमीरपुर, किन्नौर और लाहौल स्पीति जिले में भी तेज बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 जुलाई तक मानसून ज्यादा एक्टिव रहेगा। कल से 25 जुलाई तक येलो अलर्ट दिया गया है।
जुलाई में बारिश का रिकार्ड टूटा
बीते कई वर्षों के दौरान जुलाई के पूरे माह में इतनी बारिश नहीं हुई है। जितनी इस बार 21 जुलाई तक हो गई है। बीते 19 वर्षों में 16 बार जुलाई में सामान्य से कम बरसात हुई है। सिर्फ तीन बार वर्ष 2005, 2021 और 2022 में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। इस दौरान सामान्य से सिर्फ चार से सात फीसदी अधिक बादल बरसे हैं।
115 फीसदी अधिक बारिश
हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन के दौरान कई रिकॉर्ड टूटे हैं। राज्य भर में इस बार भारी वर्षा हुई है जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान भी हुआ है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में जगह-जगह बादल फटने की घटनाएं सामने आई जिससे कई लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। हिमाचल प्रदेश में 1 से 21 जुलाई तक सामान्य से 115 फीसदी अधिक बारिश हो चुकी है।