तूफान मेल न्यूज, बंजार। उपमंडल बंजार के तहत ग्राम पंचायत चकुरठा में बरसात से भारी नुकसान हुआ है। यहां के दलयाड़ा व फगवाना गांव में भारी नुकसान की सूचना है। दोनों गांवों में कई खेत व बागीचे भी तबाह हो गए हैं और खड़ी फसल भी खराब हो गई है। खेत व बागीचों के अलावा कुछ मकान भी ढह गए हैं जबकि कुछ क्षतिग्रस्त हुए हैं। स्थानीय निवासी जीवन ठाकुर ने बताया कि यहां देवराज विष्ट का नया मकान भूस्खलन की चपेट में आया है और इसके अलावा गांव में अन्य दो मकान भी ढह गए हैं। इसके अलावा कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। जबकि यहां के अधिकतर किसानों की भूमि भी बह गई है और अधिकतर बागीचों को भारी नुकसान पहुंचा है।

कुछ लोगों की जमीन व बागीचे खिसक कर आगे चले गए हैं। उन्होंने बताया कि भुइँकापूल से कोटला सड़क मार्ग जगह-जगह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है। सड़क किनारे भारी भूस्खलन हुआ है और यहां के लोगों का संपर्क शेष दुनिया से कट गया है।
कोटला-चकुरठा पंचायत में राशन की दिक्कत
स्थानीय लोगों ने बताया कि कोटला-चकुरठा पंचायत में राशन की किल्लत हो गई है। सड़क मार्ग बंद होने के कारण खाद्य सामग्री की सप्लाई थम गई है। जिस कारण दोनों पंचायतों में राशन की कमी हो गई हैं।