नीना गौतम तूफान मेल न्यूज, केलांग। आखिर लंबे समय के बाद देश के सबसे ऊंचे लेह-दिल्ली मार्ग पर HRTC की बस सेवा शुरू हो गई है। इस सेवा के शुरू होने से देश भर के पर्यटक दुनिया के उस पार के सुंदर नजारों को निहार पाएंगें।
पहाड़ी रास्तों और बर्फ की दीवारों के बीच लेह तक सफर के शौकीन सैलानियों और आम लोगों के लिए यह बस सेवा बरदान साबित होगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) केलांग डिपो की यह बस देश के सबसे लंबे और ऊंचाई वाले लेह-दिल्ली रूट पर दौड़ पड़ी है। लेह से दिल्ली तक करीब 1026 किलोमीटर लंबे सफर का 1740 रुपये किराया होगा। निगम की मानें तो पिछले साल 15 जून को दिल्ली-मनाली-सरचू-लेह के लिए बस शुरू हुई थी।

इस बार एक हफ्ता पहले बस सेवा शुरू हुई है। इस रूट पर करीब 30 घंटे का सफर है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल समेत लेह-लद्दाख़ घूमने का अवसर मिलता है। खास बात यह है कि सैलानी व आम नागरिक 16,500 फुट ऊंचे बारालाचा, 15,547 फुट नकिल्ला, 17,480 फुट तंगलांगला और 16,616 फुट ऊंचे लाचुंग दर्रे के खूबसूरत नजारों से रूबरू होंगे। सितंबर 2022 में बस बंद हो गई थी। लेह के लिए 2022 से पूर्व जुलाई में बस सेवा शुरू होती थी। केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा ने बताया कि निगम ने दिल्ली-लेह के लिए आज सुवह बस सेवा शुरू कर दी है।

लेह-दिल्ली रूट पर 30 घंटे के सफर में तीन चालक और दो परिचालक सेवाएं देते हैं। लेह से चलने पर पहला चालक बस को केलांग पहुंचाता है। दूसरा केलांग से सुंदरनगर, तीसरा सुंदरनगर से दिल्ली तक सफर करवाता है। इसमें दो परिचालक सेवाएं देते हैं, पहला परिचालक लेह से केलांग तक तो दूसरा केलांग से दिल्ली तक सेवाएं देता है। बहरहाल देश के सबसे ऊंचे व लंबे रास्ते पर रोमांचभरा सफर शुरू हो गया है।
वीडियो देखें,,,,