तूफान मेल न्यूज कांगड़ा/मंडी। हिमाचल प्रदेश में करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई है। पहला मामला प्रदेश के कांगड़ा व दूसरा जिला मंडी में पेश आया। पहले मामले में
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के पुलिस थाना जवाली के अधीन 32मील में एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शमशेर सिंह (55) पुत्र निक्का राम निवासी सियूनी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शमशेर सिंह 32मील में भाली एनएच के किनारे बकरियां चरा रहा था। जैसे ही वह फोरलेन कंपनी द्वारा सड़क किनारे की गई मिट्टी की डंपिंग के ऊपर पहुंचा तो वहां पर साथ ही गुजर रही बिजली विभाग की 33केवी तारों की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई है। दूसरा मामला
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एक विद्युत कर्मचारी की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई है। कर्मचारी पोल बदलने का काम कर रहा था कि तभी करंट का जोर का झटका लगा और वह बेसुध हो गया। जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां पर चिकित्सकों ने कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान बरधान पंचायत के पालाखुड़ी गांव निवासी 33 वर्षीय सुरेश कुमार पुत्र सुखदेव के रूप में हुई है। वही सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।