तूफान मेल न्यूज कुल्लू। आखिर रिश्ते,रिश्ते ही होते हैं। राजनीतिक सीमाओं में चाहे कितनी भी बाड़बंदी क्यों न हो रिश्ते इस बाड़बंदी को आसानी से लांघ देते हैं। कुल्लू राजमहल (रूपी) की दो कुंवरानियां अपने चाचा रामपुर बुशैहर के राजा एवं हिमाचल सरकार में लोकनिर्माण मंत्री विक्रमादित्य से मिलने पहुंची।

यह मुलाकात मौहल रेस हाउस में हुई और विक्रमादित्य सिंह ने भी अपनी भतीजियों को गल्ले लगाया। चाचा भतीजियों का यह मिलन इसलिए खास सुर्खियों में आया क्योंकि दोनों कुंवरानियां विभा सिंह व रविजा सिंह भाजपा के कद्दावर नेता महेश्वर सिंह की पुत्र बधू है। विभा सिंह बंजार क्षेत्र से आजाद चुनाव लड़े हितेश्वर सिंह की धर्मपत्नी व धाउगी वार्ड से जिला परिषद सदस्य हैं और रविजा सिंह महेश्वर सिंह के बड़े पुत्र एवं नगर परिषद पार्षद दानवेंद्र सिंह की धर्मपत्नी है। इस मुलाकात के दौरान विभा सिंह ने अपने क्षेत्र की कुछ समस्याएं भी रखी और विक्रमादित्य सिंह ने कुछ समस्याओं का मौके पर ही निदान किया। इस अवसर पर खास बात यह रही कि विक्रमादित्य सिंह ने विभा सिंह को बंजार मेले के समापन्न अवसर पर आने का न्यौता भी दिया और कहा कि आप वहां की प्रतिनिधि है इसलिए आप जरूर आओ।

अपने चाचा के न्यौते पर विभा सिंह बंजार मेले के समापन्न अवसर पर भी विक्रमादित्य सिंह के साथ मौजूद रही। गौर रहे कि पूर्व में भाजपा सरकार में अपनी सरकार होते हुए भी विभा सिंह यहां के चुने प्रितिनिधियों से नाराज थी। क्योंकि विभा सिंह को चुना हुआ प्रतिनिधि होते हुए भी भाजपा के मंच पर सम्मान नहीं मिल पाता था। अब वेशक सरकार कांग्रेस की हो लेकिन चाचा के मंच पर सम्मान पूरा मिल रहा है। इस मुलाकात के राजनीतिक क्षेत्र में कई मायने भी निकाले जा रहे हैं।