कांग्रेस सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में पूरी तरह से चरमरा गई है कानून व्यवस्था
उपद्रवियों के खिलाफ मुख्यमंत्री सुक्खू ने कोई भी कार्यवाही करने में नहीं दिखाई रुचि
सुक्खू ने मणिकरण घटना को बताया आम घटना
तूफान मेल न्यूज ,मनाली। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा कुल्लू जिला के पवित्र धार्मिक स्थल मणिकर्ण साहिब में बीते रात हुई घटना पर गैर जिम्मेदाराना प्रतिक्रिया देना और इसे छोटी घटना बताना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह बात पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कही उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के नेतृत्व में प्रदेश भर में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।

उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने उपद्रवियों के खिलाफ कार्यवाही करने पर अपनी कोई भी रुचि नहीं दिखाई।
पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि पिछले कल मनाली में भी दोपहर के समय 2 घंटे तक ऐसे लगभग दो से तीन सौ लोगों ने ग्रीन टैक्स न देने पर हंगामा किया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को ऐसे लोगों पर दृढ़ संकल्प के साथ सख्त कार्यवाही करनी चाहिए थी परंतु ऐसा नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि कुल्लू मनाली आने वाले सभी पर्यटकों का हम स्वागत करते हैं परंतु इस तरह का व्यवहार करना और हथियार साथ लाना ऐसे लोगों को अनुमति नहीं दी जाएगी।