संस्था के सेवादारों के सहयोग से बनाया गया शेड
तूफान मेल न्यूज ,कुल्लू। व्यासा मोड़ के नज़दीक एक लकड़ी से बने शेड में कुछ दिन पहले सुबह के समय आग लग गई, जिसमें एक परिवार के तीन लोग रहते थे। ये परिवार पिछले 60 वर्षों से वहाँ रह रहा था।

परिवार में सोमा देवी 60 वर्षीय उनके चाचा जीत राम 80 वर्षीय और एक बेटा देवराज 32 वर्षीय साथ रहते थे। सोमा देवी लोगों के घर में झाड़ू पौछा का काम करती है। इनके बेटे की मानसिक हालत ठीक नहीं है, उसे मिर्गी के दौरे पड़ते है। अब सोमा देवी समय के साथ वृद्ध हो गई है जिस कारण वह ज्यादा काम नहीं कर पाती। घर में रोजगार का कोई और साधन भी नहीं है। इसलिए सोमा देवी पिछले 4 वर्षों से कार सेवा दल से हर महीने घर के लिए राशन लेती आ रही है। जब शॉर्ट सर्किट होने से उनके शेड में आग लग गई थी, उस समय सोमा देवी के चाचा की दम घुटने से मृत्यु हो गयी, जबकि अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने मौके पर आकर सोमा देवी और उनके बेटे की जान बचाई। लगभग हादसे के दिन ही कार सेवा दल संस्था की टीम सोमा देवी के परिवार से वहाँ पर मिलने गई, और वहाँ देखा गया कि आग लगने की वजह से उनका लगभग सारा सामान जल कर राख हो गया है। बचा हुआ सामान संस्था के सेवादारों द्वारा इकट्ठा किया गया और सुरक्षित जगह पर रखा गया। संस्था के अध्यक्ष द्वारा जले हुए शेड की सफाई और पुनः स्थापित करने का निर्णय लिया। जब तक शेड तैयार नहीं होगा तब तक सोमा देवी और उसके बेटे का रहने का इंतज़ाम किया गया। शेड को बनाने में संस्था के सेवादार मोहन लाल, भीम सिंह, संजय कुमार और रितिक रोशन ने 5 दिनों के श्रम दान से शेड को तैयार किया। आज 5 दिन के अंतराल के बाद कार सेवा दल संस्था के सेवादारों ने शेड को बनाकर तैयार कर दिया है, जिसमें प्रयास फाउंडेशन की ओर से शेड बनाने के लिए 8 लोहे की चदरें दी गई। आज कार सेवा दल संस्था के अध्यक्ष द्वारा शेड की चाबी सोमा देवी को सौंप दी गई है। इस नेक कार्य में कार सेवा दल के अध्यक्ष मनदीप सिंह, कोषाध्यक्ष तजिंदर सिंह, सेवादार नरेंद्र शर्मा, बबीता ठाकुर, भीम सिंह, संजय, मंगरु राम, मोहन लाल, रितिक रोशन, प्रमोद शर्मा, गोबिंद सिंह, दर्श मेहर, फिट हिमाचल से आदित्य शर्मा, कर्ण देव बौद्ध , अजय ठाकुर, निर्मल चंद उपस्थित रहे।