विदेश से आने वाले सेब पर लगा 50 प्रतिशत आयात शुल्क
तूफान मेल न्यूज, कुल्लू।
विदेशी सेब पर अब केंद्र सरकार के द्वारा 50% आयात शुल्क लगाया गया है। ऐसे में अब भारत में सेब के बागवानों को बड़ा लाभ होने जा रहा है। केंद्र सरकार के द्वारा सेब पर आयात शुल्क 50% लगाने के बाद विदेश से आने वाला सेब न्यूनतम ₹75 प्रति किलो तक मिलेगा। वहीं केंद्र सरकार के द्वारा भूटान से आने वाले सेब को इसमें छूट दी गई है क्योंकि वहां पूरी तरह से प्राकृतिक खेती की जाती है। हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित सूद ने कहा कि विदेशी सेब पर आयात शुल्क लगने के बाद हिमाचल प्रदेश के 5000 करोड रुपए के सेब कारोबार को इससे फायदा होगा। क्योंकि इससे पहले विदेशी सेब बिना आयात शुल्क दिए भारत में पहुंच रहा था। जिसका सीधा नुकसान हिमाचल प्रदेश के सेब बागवानों को भी हो रहा था। भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अमित सूद ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ,नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर का धन्यवाद करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने सेब उत्पादकों के लिए एक बड़ा एवं ऐतिहासिक निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि अगर पिछले 5 साल में सेब उत्पादन को देखा जाए तो वर्ष 2019-20 कुल पेटियां 3.58 करोड़ (एक पेटी में औसत 20 किलो सेब आता है)। 2020-21में 2.40 करोड़ पेटियां , 2021-22 में 3.22 करोड़ पेटियां, 2022-23 में 3.52 करोड़ पेटियां का उत्पादन हुआ है। अब विदेशों से जो सेब आएगा उसकी न्यूनतम कीमत 50 रू प्रति किलो के साथ 50% आयात शुल्क जोड़े जाने पर 75 रू प्रति किलो होगी। इससे पहले
ईरान और तुर्की का सेब अफगानिस्तान के रास्ते बिना आयात शुल्क अदा कर और अंडर इनवॉइस कर हिमाचल के सेब उत्पादकों की कमर तोड़ रहा था। ऐसे में अब उसपर भी रोक लगेगी। ऐसे में केंद्र सरकार से उम्मीद है कि वे देशभर के किसानों को बागवानों के हितों के लिए जल्द ही नई योजनाओं को भी धरातल पर उतारेगी