तुफान मेल न्यूज, चम्बा
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार मध्यरात्रि एक दर्दनाक हादसा हो गया। दयालु पुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान महेंद्र कुमार निवासी त्रिथा और अशोक कुमार निवासी लाहड़ के रूप में हुई है। दोनों युवक कार में सवार थे और किसी कार्य से सफर कर रहे थे।

दुर्घटना में घायल दो व्यक्तियों को पहले डलहौजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया गया है।

उनकी हालत पर डॉक्टर निगरानी बनाए हुए हैं। चंबा पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और मामले में सभी पहलुओं की जांच की जाएगी.¹