तुफान मेल न्यूज, कुल्लू।
देव संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए गुरुवार को कुल्लू के युवाओं ने ढालपुर में एक आम सभा का आयोजन किया। जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि एक संगठन बनाकर देव संस्कृति के संरक्षण के कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। इसी संदर्भ में सबसे विचार विमर्श करने के बाद एक संगठन का नाम “देऊ सेना” निर्धारित किया गया।

तत्पश्चात इसकी कार्यकारिणी का चयन किया गया। संगठन में जय ठाकुर को अध्यक्ष के तौर पर चुना गया। उपाध्यक्ष युवराज को बनाया गया। महासचिव के लिए यतिन शर्मा और सह-सचिव के लिए दिग्विजय ठाकुर को चुना गया। कोषाध्यक्ष मुरलीधर और शालीन शर्मा को चुना गया। कार्यकारिणी के प्रमुख सलाहकार एवं मार्गदर्शक के रूप में प्यारे राम वजीर जी और बीर सिंह राणा जी को नियुक्त किया गया। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की एकमत से इस विचार पर अपनी सहमति बनी कि इस संगठन को बनाने का मूल उद्देश्य हिमाचल की देव संस्कृति के संरक्षण के लिए कार्य करना रहेगा। साथ ही समाज को देव संस्कृति की मौलिक जानकारियों के प्रति जागरूक किया जाएगा। खंड स्तर पर लोगों को जोड़ने का प्रयास कर अपनी संस्कृति और देव परंपरा की मौलिकता को बचाने के लिए यथासम्भव प्रयास किये जाएंगे।