महानगरों में गर्मी से बेहाल,मनाली में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब,रोहतांग में मौज-मस्ती

Spread the love

तूफान मेल न्यूज,मनाली। महानगरों में भारी गर्मी से तड़फ रहे लोगों ने ठंडे क्षेत्र मनाली का रूख कर लिया है। मनाली में पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा है। इस साल मनाली आने वाले पर्यटकों के आंकड़े में यकायक बढ़ोतरी हो गई है। यहां के होटल भी पैक चल रहे हैं जबकि पर्यटन निगम में 100 फीसदी ऑक्यूपेंसी हो गई है। 3300 पर्यटक वाहन रविवार सुबह तक मनाली पहुंचे जबकि 100 से अधिक वोल्वो बसों और टेंपो ट्रेवलर में भी पर्यटकों ने मनाली का रुख किया है। एक दिन में लगभग 30,000 पर्यटकों के मनाली पहुंचने का अनुमान है।


रविवार को मनाली में पर्यटकों की भीड़ देखने को मिली। रोहतांग दर्रा जाने के लिए पर्यटक अति उत्साहित हैं। एनजीटी के आदेशानुसार रोजाना 1200 वाहन ही रोहतांग जा रहे हैं। रोहतांग के लिए परमिट दो दिन के लिए एडवांस में बुक हो गए हैं। स्थानीय पर्यटन स्थलों में भी पर्यटकों की भीड़ देखने को मिल रही है। मनाली के स्तरीय होटल लगभग पैक चल रहे हैं। अन्य होटलों में भी 70 से 80 प्रतिशत कमरे बुक हैं। ग्रामीण इलाकों में बने होमस्टे में भी बुकिंग हो रही है।


होटलियर एसोसिएशन का कहना है कि वीकेंड में पर्यटकों की भारी भीड़ जुटी है। शुक्रवार और शनिवार को पर्यटकों की संख्या कम आंकी जा रही थी लेकिन रविवार को ज्यादा सैलानी पहुंचे। पर्यटन विकास निगम की माने तो सीजन अच्छा चल रहा है। निगम के सभी होटल और कॉटेज लगभग पैक चल रहे हैं।


पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने के कारण मनाली की सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। इस वजह से पर्यटकों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ रहा है। पर्यटक घंटों तक जाम में फंस रहे हैं। अटल टनल के भीतर भी वाहनों की लाइन लग गई। वहीं मनाली में रांगड़ी से बाहंग, फोरलेन पुल से वामतट मार्ग, हिडिंबा मंदिर, ओल्ड मनाली और वशिष्ट की ओर भी जाम लगा रहा। उधर लाहुल-स्पीति की तरफ भी पर्यटकों ने रुख किया है। रोहतांग में बर्फ के बीच पर्यटक खूब अठखेलियां कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!