महिलाओं ने मेले में डाली कुल्लवी नाटी
पूर्ण ठाकुर ,तूफान मेल न्यूज, कुल्लू। जिला कुल्लू के मुख्यालय अखाड़ा बाजार में दो दिवसीय मेले का वीरवार को समापन किया गया। 2 दिनों तक इस मेले में कई सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की गई। जिसमें हिमाचल प्रदेश के कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अलावा स्कूली छात्रों के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिता आयोजित की गई।

यह मेला देवता ध्रुव ऋषि के सम्मान में मनाया गया। फाग मेला कमेटी के अध्यक्ष विशाल सूद ने बताया कि कई सालो से यह मेला मनाया जा रहा है। लेकिन अब बीते कुछ सालों से अब इसे विस्तृत रूप दिया जा रहा है। जिसमें कई अन्य कार्यक्रम भी शामिल किए गए हैं। विशाल सूद ने बताया कि वीरवार को मेले के अंतिम दिन महिलाओं के द्वारा कुल्लवी नृत्य किया गया और देव खेल का भी आयोजन किया गया। जिसमें देवता ने आने वाले समय के लिए सुख-समृद्धि की भविष्यवाणी भी की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता रहे बच्चों को पुरस्कार देकर भी सम्मानित किया गया। वहीं मेले के पहले दिन देवता ध्रुव ऋषि ने अखाड़ा बाजार से रामशिला की भी परिक्रमा की और लोगों ने भी देवता का आशीर्वाद ग्रहण किया।