नीना गौतम,तूफान मेल न्यूज।
हांडी कांग्रेस की और खिचड़ी पक्का गए हर्ष महाजन। कब CM सुक्खू की रसोई से हर्ष ने हांडी खिसकाई किसी को पता ही नहीं चला। सुक्खू सरकार की सभी एटेलीजेंस फेल हो गई और सरकार में शामिल 9 विधायक खिसक गए और भाजपा के उम्मीदवार हर्ष ने राज्यसभा की दहलीज पार कर दी। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के राईट हैंड रहे हर्ष महाजन राजनीति के चाणक्य रहे हैं और राजा के अधिकतर चुनावों की कमान संभाल चुके हैं। हर्ष महाजन वर्ष 1993 से 2007 तक तीन बार चंबा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे। वर्ष 2007 के बाद से महाजन ने पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह के चुनावों का जिम्मा संभाला था। 1993 में पहली बार विधायक बने महाजन तत्कालीन सरकार में मुख्य संसदीय सचिव रहे। 1998 में प्रदेश कांग्रेस का चीफ व्हीप चुना गया। 2003 में महाजन कैबिनेट मंत्री बने थे। वर्ष 1986 से 1996 तक महाजन प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। 2012 में राज्य सहकारी बैंक का चेयरमैन नियुक्त किया गया। वह कांग्रेस प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष भी रहे।हर्ष महाजन पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री देस राज महाजन के बेटे हैं। उनका जन्म 12 दिसंबर 1955 को चंबा में हुआ था। महाजन ने बीकॉम और एमबीए की है। उन्होंने श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स नई दिल्ली और दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई की। 7 जून 1983 को उनकी शादी उमा सिंह से हुई। 28 सितंबर 2022 को विधानसभा चुनाव के दौरान हर्ष महाजन भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए।