हिमाचल में 37 लोगों की मौत,कई लापता,रेड अलर्ट जारी

Spread the love

तूफान मेल न्यूज, शिमला।
हिमाचल में बादल फटने और लैंडस्लाइड से अभी तक 37 लोगों की मौत हो चुकी है। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से तबाही का दौर जारी है। राज्य में जगह-जगह बादल फटने व भूस्खलन से अब तक 37 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोग लापता हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, आपदा के कारण राज्य में 752 सड़कें बंद हैं। कालका-शिमला रेल मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से प्रदेश के लिए बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। हालांकि, सुबह जारी हुए मौसम बुलेटिन में ऑरेंज अलर्ट था। लेकिन, दोपहर बाद इसे रेड कर दिया। 15 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के कई भागों में 20 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारी बारिश के रेड अलर्ट के बीच राज्य में जगह-जगह बादल फटने और भूस्खलन से अब 37 लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 30 लोगों की मलबे में दबने होने की आशंका है। राजधानी शिमला में 13, सोलन में 10, हमीरपुर में 3, मंडी में 7, कांगड़ा में 2, चंबा और सिरमौर में 1-1 लोगों की जान गई है। शिमला, सोलन, कांगड़ा में एक-एक और मंडी में दो जगह बादल फटे हैं। शिमला में 15, मंडी में आठ और सिरमौर में एक लापता है। कई ऐसे इलाके हैं जहां कितना नुकसान हुआ है, कितने लोगों की जान चली गई इसकी जानकारी ही नहीं मिल पाई है। प्रदेश सरकार ने 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। केवल रस्मी तौर पर ही तिरंगा फहराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!