तुफान मेल न्यूज, कांगड़ा।
जिला कांगड़ा में ग्राम पंचायत नागनी के बाण गांव में एक गोलीकांड का मामला पेश आया है। गोलीकांड में एक व्यक्ति घायल हुआ है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। इस वारदात में इस्तेमाल डबल बैरल बंदूक को भी जब्त कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान गुरबचन धीमान और बलकार सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता हाकम चंद शर्मा निवासी गांव बाण (नागनी) ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 बजे वह अपने घर में पत्नी और बेटी के साथ बैठा हुआ था। इस दौरान पीड़ित के आंगन में किसी ने पथराव किया, जिसके चलते पीड़ित व्यक्ति घर से बाहर अपने आंगन में आया तो आरोपियों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई और उसे जान से मारने के लिए डबल बैरल बंदूक से फायर कर दिया। जिससे वह घायल हो गया।

जिसके बाद उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार किया। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई बंदूक भी जब्त कर ली। जिसके बाद आरोपियों को नूरपुर की अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले की पुष्टि एसपी नूरपुर अशोक रतन ने की है।