बर्फ के दीदार को लाहुल पहुंच रहे हैं पर्यटक,सिस्सू-कोकसर सराबोर,65 फीसदी पहुंची मनाली की ऑक्यूपेंसी

Spread the love

तूफान मेल न्यूज,मनाली। जनजातीय जिला लाहुल-स्पीति के पर्यटन को ताजा बर्फबारी ने पंख लगा दिए है। देश-विदेश के पर्यटक बर्फ के दीदार को लाहुल पहुंच रहे हैं। लिहाजा
लाहुल घाटी के सिस्सू, कोकसर व कुठ बिहाली में पर्यटन कारोबार चरम पर पहुंच गया है। लाहुल घाटी में विंटर सीजन की धूम मची हुई है। चारों ओर बिछी बर्फ की सफेदी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस बार पर्यटन नगरी मनाली बर्फ के फाहों के लिए तरस गई है लेकिन लाहुल की वादियां बर्फ से सराबोर हैं। चारों ओर बर्फ की सफेदी बिछी हुई है जिसके चलते सारा पर्यटन कारोबार सोलंग नाला के बजाए लाहुल घाटी में चल रहा है। मंगलवार को पर्यटन नगरी मनाली सहित लाहुल घाटी में धूप खिली रही। सुबह ही पर्यटकों ने मनाली से लाहुल घाटी का रुख किया। लगभग एक हजार पर्यटक वाहनों ने सिस्सू, अटल टनल के नार्थ पोर्टल, कुठ बिहाल व कोकसर में दस्तक दी। सोलंगनाला के पर्यटन कारोबारी दीपक व जगदीश ने बताया कि हिमपात के बाद ही यहां पर्यटकों से रौनक लौटेगी। लाहुल के पर्यटन कारोबारी दोरजे व पलजोर ने बताया कि दिन भर खिली धूप के बीच पर्यटकों ने बर्फ की खेलों का आनंद लिया।
दूसरी ओर मनाली के होटलों में भी रौनक छा गई है। क्रिसमस व न्यू ईयर को लेकर मनाली तैयार है। पर्यटक कंही डीजे तो कंही कुल्लवी नाटी का आनंद ले रहे हैं। होटल संचालक खेम राज, अजय व विजय ने बताया कि उनके होटलों में 60 से 65 प्रतिशत आक्यूपेंसी चल रही है। उन्होंने कहा कि क्रिसमस के चलते सप्ताहांत में भारी संख्या में पर्यटकों के मनाली आने की उम्मीद है। टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष पूर्ण ठाकुर ने बताया कि धीरे धीरे कारोबार गति पकड़ने लगा है। उन्होंने बताया कि टैक्सी यूनियन पर्यटकों को बेहतर सेवाएं देने का प्रयास कर रही है। हर रोज पर्यटकों की आमद बढ़ रही है जिससे कारोबार भी गति पकड़ने लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!