तूफान मेल न्यूज,कुल्लू।
आगामी 19 दिसंबर से प्रारंभ होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग अधीक्षक ग्रेड वन (राजपत्रित प्रथम श्रेणी) अधिकारी संघ प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को 12 सूत्रीय “मांगपत्र” सौंपेगा। इस दौरान अधिकारी संघ की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष में मुख्यमंत्री को समुचित धनराशि का चेक भी भेंट किया जायेगा। यह बात हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग अधीक्षक ग्रेड वन (गैजेटिड क्लास वन) अधिकारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष एलआर गुलशन ने एक प्रैस वक्तव्य में कही। उन्होंने बताया कि विगत जुलाई माह में हिमाचल प्रदेश में आई भीषण प्राकृतिक आपदा से भारी जानमाल का नुकसान हुआ है। ऐसे में अधिकारी संघ द्वारा “तपोवन” धर्मशाला में होने वाले शीतकालीन सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को समुचित धनराशि का चेक भेंट किया जायेगा। इस दौरान संघ का 12 सूत्रीय मांगपत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा जाएगा। जिसमें राजकीय महाविद्यालयों में कार्यरत अधीक्षकों ग्रेड वन को आहरण एवं वितरण शक्तियां प्रदान करने,भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में एकमुश्त ढील देकर स्थापना अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं रजिस्ट्रार की पदोन्नति सहित अन्य सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर राज्य सरकार से हल करवाने के सार्थक प्रयास किये जाएंगे। प्रदेशाध्यक्ष एलआर गुलशन ने बताया कि विगत 25 नवंबर को धर्मशाला में आयोजित अधीक्षक ग्रेड वन अधिकारी संघ के प्रथम महाधिवेशन में तैयार किये गये मांगपत्र को “दृष्टिपत्र” के रूप में अंगीकृत किया गया है तथा इस “विज़न डॉक्यूमेंट” को प्रदेश सरकार से हल करवाने के हर संभव प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस समय शिक्षा विभाग में कुल सृजित 106 पदों में से लगभग 100 अधीक्षक ग्रेड वन कार्यरत हैं जिन्हें सांगठनिक रूप से सशक्त करने के लिये हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग अधीक्षक ग्रेड (राजपत्रित प्रथम श्रेणी) अधिकारी संघ का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष होने के नाते उन्होंने अपनी शक्तियों का विकेंद्रीकरण करते हुये अधिकारी संघ की “जम्बो” कार्यकारिणी का विस्तार कर सक्रिय एवं कर्मठ लोगों को मनोनीत किया है। उन्होंने बताया कि आगामी मार्च 2024 में बिलासपुर अथवा शिमला में अधीक्षक ग्रेड वन अधिकारी संघ की समीक्षा बैठक होगी। जिसमें संगठन की मांगों पर विस्तृत चर्चा होगी। उन्होंने साफ़ तौर पर कहा कि कार्यकारिणी में मनोनीत हर सदस्य को सक्रिय रूप से कार्य करना होगा अन्यथा निष्क्रिय लोगों को पदमुक्त कर अन्य योग्य,सक्रिय एवं कर्मठ लोगों को संगठन में जगह दी जाएगी। उन्होंने कहा कि गैर शिक्षक कर्मचारी महासंघ गैर शिक्षक कर्मचारियों का एकमात्र “वटवृक्ष” है जिसके वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष त्रिलोक ठाकुर सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
राजपत्रित प्रथम श्रेणी अधिकारी संघ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को सौंपेगा 12 सूत्रीय मांगपत्र
