तूफान मेल न्यूज, कांगड़ा।
जिला कांगड़ा में पुलिस थाना नूरपुर की टीम ने बाइक चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान राजिंद्र कुमार, कर्ण सिंह और विशाल निवासी धमेटा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रोहित शर्मा ने बीते मंगलवार को पुलिस थाना नूरपुर में बाइक चोरी होने का मामला दर्ज करवाया था। शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जिसके बाद उन्होंने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उस ही दिन उनके कब्जे से चोरी की गई बाइक को भी बरामद कर लिया गया। आरोपियों से कड़ी पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके गिरोह के एक अन्य सदस्य कर्ण सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने पंजाब से भी तीन बाइक को चोरी किया है। जिसके बाद पुलिस ने धमेटा से तीनों बाइक को बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। एसपी अशोक रत्न ने मामले की पुष्टि की है।