तूफान मेल न्यूज कुल्लू।
NPA बहाली को लेकर डॉक्टर लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। आज दूसरे दिन भी डॉक्टरों ने पेन डाउन हड़ताल जारी रखी। कुल्लू में जहां डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू की वहीं पूरे प्रदेश में यह हड़ताल जारी है। लिहाजा प्रदेशभर के अस्पतालों में लगातार दूसरे दिन मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
आज भी सुबह 9.30 से 11 बजे तक डॉक्टर OPD में नहीं मिले। इससे राज्य के अधिकांश मेडिकल कॉलेज, अस्पतालों और दूसरे स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को सुबह के वक्त परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सुबह 11 बजे तक पेन डाउन स्ट्राइक और इसके बाद काले बिल्ले लगाकर डॉक्टर ड्यूटी दे रहे हैं। हालांकि इमरजेंसी और ऑपरेशन थिएटर की सेवाएं पहले की तरह आज भी चलती रहीं। डाक्टरों का कहना है कि सरकार द्वारा डाक्टरों के खिलाफ नई-नई अधिसूचना जारी की जा रही है, जिसका सभी विरोध करते हैं।
क्या है मामला:
डॉक्टर को बेसिक वेतन का 20 प्रतिशत नॉन प्रैक्टिस अलाउंस मिलता है, जो कि मौजूदा सरकार ने नए भर्ती होने वाले डॉक्टरों के लिए बंद कर दिया है, जो कि एक निराशाजनक कदम है। यह पेन डाउन स्ट्राइक तब तक जारी रहेगी, जब तक नोटिफिकेशन को रद्द नहीं किया जाता।
बता दें कि सोमवार को भी डॉक्टरों की हड़ताल की वजह से अस्पतालों में पर्ची काउंटर से लेकर ओपीडी तक मरीजों की भारी भीड़ रही। दूर दराज क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों को बिना इलाज के ही घर लौटना पड़ा। यही नहीं, हड़ताल की वजह से कई ऑपरेशन भी लटक गए। सूबे के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में भी करीब आठ मरीजों के ऑपरेशन टाले गए। इनमें गॉल ब्लैडर और हड्डी टूटने वाले मरीजों की संख्या अधिक थी।