Himachal News; आनी में राजकीय कन्या जमा दो विद्यालय के छात्रों ने ली पर्यावरण को बचाने की शपथ,  विश्व पर्यावरण दिवस पर ज्ञान, कला और चेतना का संगम

Published On:

कुल्लू ;  आनी में राजकीय कन्या जमा दो विद्यालय के छात्रों ने ली पर्यावरण को बचाने की शपथ,  विश्व पर्यावरण दिवस पर ज्ञान, कला और चेतना का संगम
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य रणधीर ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और अधिक बढ़ा दिया।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति छात्राओं में चेतना जगाने हेतु विविध रचनात्मक और बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें चित्रकला, नारा लेखन , निबंध लेखन , तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता प्रमुख रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रांगण में ‘पौधारोपण एवं पर्यावरण शपथ’ से हुई, जिसमें समस्त छात्राएँ, शिक्षकगण तथा विद्यालय स्टाफ ने भाग लिया।

इसके पश्चात सदनों के अनुसार छात्राओं ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और पर्यावरणीय समझ का परिचय दिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से न केवल छात्राओं की रचनात्मकता उजागर हुई, बल्कि उन्होंने पृथ्वी के प्रति अपने उत्तरदायित्व को भी समझा।

इस आयोजन में सरोजिनी नायडू सदन की छात्राओं ने विशेष रूप से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। सदन की छात्रा ने पर्यावरणीय तथ्यों, वैश्विक जागरूकता और सतत विकास से जुड़े प्रश्नों के उत्तर बड़ी निपुणता से देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया।

उपप्रधानाचार्य ने विजेता छात्रा को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि”आज की जागरूक बालिका ही कल की पर्यावरण संरक्षक होगी। हमें ऐसे प्रयासों से यह विश्वास होता है कि हमारा भविष्य हराभरा और सुरक्षित है।”
कार्यक्रम के सफल संचालन व आयोजन में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों की अहम भूमिका रही।