तूफान मेल न्यूज , मनाली
देखें वीडियो ,,,,,
महानाटी में आया नया ट्विस्ट,देखें कैसे झूमी महिलाएं,,,




मनाली विंटर कार्निवाल: महिला मंडलों की महानाटी ने मचाया धमाल,1500 महिलाएं पारंपरिक परिधानों में थिरकी
नीना गौतम , मनाली।
मनाली विंटर कार्निवाल के दूसरे दिन मंगलवार को मनाली के मालरोड पर महिला मंडलों की महानाटी कार्निवाल के आकर्षण का केंद्र रही। लगभग 1500 महिलाओं ने ताल से ताल मिलाकर एक साथ नाटी डाली। लगभग सवा घंटे तक इन महिलाओं ने माल रोड में खूब धमाल मचाया।
महिलाओं ने काले रंग का तीन फूल वाला पट्टू, चांदी की बूमणी, चंद्रहार, लॉकेट और लाल रंग का ढाठू पहनकर नाटी डाली। पर्यटक भी महिलाओं के साथ कदम से कदम मिलाने पर मजबूर हो गए। महानाटी के दौरान माल रोड मनाली पर्यटकों से भर गया।
कुल्लवी गानों में महिलाओं ने महा नाटी की प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा के जौहर दिखाए। हालांकि दाएं तट की महिलाओं की महा नाटी देखने के बाद ही पता चलेगा कि विजेता टीम कौन होगी, लेकिन आज वाम तट की महिलाओं ने बेहतरीन प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
23 जनवरी को दाएं तट की महिलाएं नाटी डालेंगी। कार्निवाल में इस बार 276 महिला मंडलों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने महिलाओं की सहभागिता की सराहना की और महिलाओं को मिलने वाली राशि 25 हजार से बढ़ाकर 30 हजार करने की घोषणा की।
आज महानाटी में विधायक भुवनेश्वर गौड़ मुख्य अतिथि पहुंचे। उन्होंने महिलाओं के साथ नाटी डालकर उनका हौसला बढ़ाया। भुवनेश्वर गौड़ ने सभी महिलाओं की प्रतिभा को सराहा। उन्होंने महिला मंडलों की राशि 25 से 30 हजार करने पर महिलाओं को बधाई दी और प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताया।