तूफान मेल न्यूज,नाहन। जिला सिरमौर में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है। यह हादसा संगडाह के तहत अंधेरी-रणफुआ मार्ग पर तड़के पेश आया। मृतक की पहचान बलदेव उम्र 43 वर्ष पुत्र रण सिंह निवासी बांदल तहसील नौहराधार के रूप में हुई है, जो भारतीय सेवा के पूर्व सैनिक थे।
जानकारी के मुताबिक, बलदेव सिंह कार (HP- 16- 9234) में सवार होकर नाहन में पढ़ाई कर रहे अपने बच्चों से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान जबडोग से कुछ ही किलोमीटर आगे अंधेरी के समीप कार हादसे का शिकार हो गई। सुबह जब लोगो को हादसे का पता चला तो उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जाँच शुरू की। बता दें कि मृतक बलदेव सिंह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे।थाना प्रभारी बृजलाल मेहता ने हादसे की पुष्टि की है।