तूफान मेल न्यूज,मनाली।
वशिष्ठ ऋषि की तपोस्थली में निर्मित प्राचीन राम मंदिर में आज विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर दीप प्रज्वलित कर पूजा अर्चना की ओर सम्पूर्ण घाटी के लिए भगवान राम से सुख समृद्धि की कामना की। विधायक सुबह ही वशिष्ठ मन्दिर पहुंचे और गांव वासियों के साथ इस शुभ दिन को भगवान राम की पूजा अर्चना कर मनाया। दूसरी ओर कांग्रेस समर्थित राम भक्तों ने माल रोड में प्रसाद बांटकर जश्न मनाया।कांग्रेस समर्थित राम भक्तों में भारी जोश दिखा। विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि भगवान राम सब के हैं। पर्यादा पुरषोत्तम भगवान राम से सभी की आस्था जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि देश के लिए आज का दिन बहुत ही एतिहासिक है। भगवान राम 500 सालों बाद अपने घर में बिराजमान हुए हैं। गौड़ ने कहा कि जल्द ही प्रदेश सरकार प्रदेश के हर कोने से राम भक्तों के लिए आयोध्या जाने के लिए विशेष बस सेवा शुरु करने जा रही है। उन्होंने कहा कि मनाली जैसे पर्यटन स्थल के आयोध्या से सीधे जुड़ने पर घाटी में भी पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
———–मनाली में दिखी सिर्फ राम नीति , राममयी हुई पर्यटन नगरी
समस्त देश के साथ-साथ पर्यटन नगरी मनाली भी राम के रंग में रंगी नजर आई। हालांकि भाजपा और कांग्रेस अलग अलग धड़ों में बंटकर काम करती नजर आईं लेकिन ध्येय सिर्फ राम काज ही रहा । माल रोड़ मनाली पर दोनों ओर से राम भक्ति खूब दिखाई दी । एक और जहां भाजपा समर्थित राम भक्तों ने अयोध्या से रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के लाइव प्रसारण की व्यवस्था की थी जहां पर बैठकर मनाली घूमने पहुंचे पर्यटकों ने भी अयोध्या में हो रही प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को लाइव देखा । वहीं दूसरी और कांग्रेस समर्थित राम भक्तों ने मनाली के मॉल रोड़ पर प्रसाद बांट कर खुशी का इजहार किया।