चंबा हत्याकांड में सीएम व पूर्व सीएम आमने-सामने,जयराम बोले हत्यारा दो करोड़ का मालिक,सुक्खू बोले राजनीति न करें

Published On:


तूफान मेल न्यूज शिमला।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने वीरवार को शिमला में प्रेस वार्ता में कहा कि इस घटना में मुख्य आरोपी, उसकी पत्नी और अन्य छह लोग हैं। कहा कि वह मुख्य आरोपी की कुछ महत्वपूर्ण जानकारी जनता के समक्ष लाना चाहते हैं, जिसके बारे में उन्हें पता चला है। आरोपी ने हाल ही में 2000 के नोटों के 97 लाख रुपये बैंक में एक्सचेंज करवाए थे। इसके बैंक अकाउंट में दो करोड़ रुपये जमा हैं और आय के साधन इतने नहीं हैं। उन्होंने इस मामले में एनआईए जांच की मांग की है।
तीन बीघा मलकीयत जमीन है और कब्जा 100 बीघा जमीन पर है। अपनी जमीन पर किसी आम व्यक्ति को आने जाने नहीं देता। 10,000 फीट की ऊंचाई पर यह रहता है, जहां 6 से 10 फीट बर्फ पड़ती है। फिर भी वह इतनी बर्फ में वहीं रहता है। इसके पास 100 बकरियां हैं, पर हर साल 200 बकरियां बेचता है। क्या यह व्यक्ति किसी और की बकरियों पर कब्जा करता है। 1998 में चंबा में जब जम्मू-कश्मीर के आतंकी हिमाचल में घुस गए थे और 35 लोगों की हत्या हुई थी।
जम्मू-कश्मीर ले गए थे, जो आज तक नहीं मिले हैं। उस मामले में भी इस व्यक्ति को लेकर जांच में शामिल किया गया था। इस व्यक्ति ने सभी सबूतों को नष्ट करने का प्रयास किया है और यह ही नहीं, कुछ प्रभावशाली व्यक्ति इस जांच को दबाने का प्रयास भी कर रहे हैं। यह लोग कह रहे हैं कि यह दो लोगों का निजी मामला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल और वह कल स्वयं मृतक के परिजनों से मिलने जाएंगे।

सलूणी में हुई हत्या को राजनीतिक रूप न दें: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हाल ही में चम्बा जिला के सलूणाी क्षेत्र में युवक की हत्या की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है तथा लोगों से प्रदेश में एकता तथा सौहार्द बनाए रखने और इस घटना को राजनीतिक या साम्प्रदायिक रंग न देने का आग्रह किया है। उन्होंने आज यहां कहा कि इस मामले में कानूनी कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश सरकार इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ है तथा सरकार पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी समुदायों की सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा सुनिश्चित करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मामले के हर पहलू पर नज़र रखे हुए है। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने तथा इस मामले में की जा रही जांच में सहयोग देने का आग्रह किया है।